Two cousins drowned in a pond; the two had gone to immerse ritual offerings
सतना। मैहर जिले के रामपुर बघेलान क्षेत्र के धतुआ गांव में सोमवार दोपहर दर्दनाक हादसे में दो चचेरी बहनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों किशोरियां गांव के तालाब में पूजन सामग्री विसर्जित करने गई थीं। इसी दौरान एक बच्ची गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में दूसरी बच्ची भी पानी में डूब गई।
मृतकों की पहचान खुशी कोरी (15), पिता शिवलाल कोरी और प्रिया कोरी (11), पिता शिवराज कोरी के रूप में हुई है। दोनों चचेरी बहनें धतुआ गांव की रहने वाली थीं। बताया गया कि दोनों पूजा में चढ़ाए गए फूल और अन्य पूजन सामग्री विसर्जित करने गांव के तालाब पहुंची थीं।
तालाब में पूजन सामग्री विसर्जित करने के दौरान अचानक एक बच्ची गहरे पानी में चली गई। उसे डूबता देखकर दूसरी बच्ची ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी गहरे पानी की चपेट में आ गई। तालाब के आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों की नजर बच्चियों पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों को पानी से बाहर निकाला।
ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों बच्चियों को उपचार के लिए अमरपाटन सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अमरपाटन सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




