
विंध्य वाणी, रीवा। शहर के समान क्षेत्र स्थित शारदापुरम में सोमवार को धार्मिक वातावरण के बीच श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं को सात दिनों तक भागवत कथा का श्रवण करने का अवसर मिलेगा। कथा का वाचन श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर विकास नगर सकरी बिलासपुर से पधारे भागवत प्रवक्ता पं.धर्मेन्द्र गौरहा के मुखारविंद से किया जाएगा। सोमवार को कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। यह यात्रा समान तिराहा स्थिति श्री शनि देव मंदिर से निकाली गई, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

17 नवंबर को श्रीमद्भागवत महापुराण का प्रारंभ एवं शुकदेव आगमन का प्रसंग होगा। 18 नवंबर को मनु-कर्दम एवं भरत चरित्र, 19 नवंबर को जड़भरत एवं प्रह्लाद चरित्र, 20 नवंबर को समुद्र मंथन एवं श्रीराम-कृष्ण जन्म, 21 नवंबर को श्रीकृष्ण बाललीला एवं रुक्मिणी विवाह तथा 22 नवंबर को श्रीकृष्ण के विविध विवाह एवं सुदामा चरित्र का वर्णन किया जाएगा। 23 नवंबर को परीक्षित मोक्ष की कथा सुनाई जाएगी। कथा के समापन के बाद 24 नवंबर को गीता पाठ, हवन, सहस्रधारा अभिषेक, ब्राह्मण भोज एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

मूल पाठ प्रतिदिन सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक तथा कथा का समय दोपहर 2.30 बजे से हरि इच्छा तक रहेगा। कथा श्रोता श्रीमति चन्द्रलेखा पत्नी स्व.विजयदेव शर्मा, रत्ना-दीपक मिश्रा, प्राची-अरविंद उपाध्याय, प्रज्ञा-राकेश मिश्रा एवं प्रतिभा-योगेन्द्र तिवारी ने श्रद्धालुओं से पहुंचकर कथा श्रवण करने की अपील की है। कलश यात्रा में निशा तिवारी, मनीषा द्विवेदी, तृषा तिवारी, स्मृति सिंह, सोभा तिवारी सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
००००००००




