रीवा. किसी शहर की पहचान केवल उसकी सड़कों, इमारतों और बाजारों से नहीं होती बल्कि वहां मौजूद प्राकृतिक धरोहरों को किस तरह सहेजा और संवारा गया है, यह भी उसकी विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पैमाना होता है। रीवा की बीहर नदी ऐसी ही एक प्राकृतिक धरोहर है, जिसके तट लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से दूर रहे। अब इसी नदी के किनारे विकसित रिवर फ्रंट शहर की बदलती तस्वीर का प्रतीक बन गया है। करीब 25 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस परियोजना ने बीहर के तटों को नया स्वरूप देने के साथ रीवा को एक आधुनिक पर्यटन और मनोरंजन स्थल भी दिया है। इस बदलाव के पीछे उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल की दूरदर्शी सोच, पहल और निरंतर प्रयासों की अहम भूमिका रही है। बीहर नदी पर रिवर फ्रंट विकसित करने की परिकल्पना के पीछे मूल उद्देश्य नदी के किनारे को केवल सुंदर बनाना नहीं, बल्कि उसे शहर के सामाजिक जीवन से जोडऩा था। बाबा घाट से कोतवाली घाट तक करीब 1600 मीटर के हिस्से में पहले चरण का विकास किया गया। इसके तहत नदी के किनारों की सुरक्षा के लिए ग्रेविटी वॉल, आकर्षक पाथवे, ग्रीन एरिया, एम्फीथिएटर और पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की गईं। इससे नदी के आसपास का अनुपयोगी और अव्यवस्थित क्षेत्र एक व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल में बदल गया। आज यह स्थान सुबह की सैर, शाम के भ्रमण और परिवार के साथ समय बिताने के लिए शहरवासियों को नया विकल्प उपलब्ध करा रहा है। नदी के प्राकृतिक वातावरण के साथ आधुनिक सुविधाओं का संयोजन इसे खास बनाता है। शहर के बीचों-बीच ऐसा स्थल विकसित होना नागरिक जीवन की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
साबरमती के रिवर फ्रंट का सपना आज बीहर नदी के किनारे हुआ है साकार: उपमुख्यमंत्री
बीहर रिवर फ्रंट को देश में पहला स्थान मिलने पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा, ‘एक सपना जो देखा गया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा साबरमती नदी के किनारे बनाए गए रिवर फ्रंट की तर्ज पर ही बीहर नदी के किनारे भी रिवर फ्रंट बनाया जाए। आज वह सपना साकार है और देश का सबसे स्वच्छ रिवर फ्रंट रीवा में है। अभी बीहर के एक तरफ रिवर फ्रंट बनने पर यह उपलब्धि मिली है, और जब दूसरी तरफ भी यह कार्य पूरा हो जाएगा, तो यह विश्व का सबसे बेहतरीन रिवर फ्रंट बनेगा। उन्होंने नागरिकों की स्वच्छता के प्रति निष्ठा, सफाई कर्मियों के परिश्रम और अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा को इस सफलता का मुख्य आधार बताया।
इन कार्यों से भी बदलेगी शहर की तस्वीर
रीवा शहर में सड़क, पेयजल, सीवरेज, यातायात और शहरी अधोसंरचना के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। जिसमें लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से कमिश्नर बंगले से ढेकहा तिराहे तक प्रस्तावित फ्लाईओवर और 99.86 करोड़ की पेयजल योजना, अमृत-2.0 योजना के अंतर्गत 162 करोड़ रुपये की परियोजना, 12 नई पानी की टंकियों का निर्माण और 9 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट आदि बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इसी प्रकार जिला अस्पताल के पीछे से प्रधानमंत्री आवास तक 7 किमी सड़क निर्माण (लागत 8.36 करोड़ रुपये), पुलिस लाइन चौक से गुढ़ चौराहे तक सीसी रोड व नाली निर्माण, तथा लक्ष्मणबाग से कुठुलिया मार्ग पर बिछिया नदी में पुल निर्माण के कार्य भी होने हैं।
परिकल्पना ने बदली विकास की दिशा
रीवा के विकास को लेकर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल की सोच हमेशा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ शहर की विशिष्ट पहचान विकसित करने पर केंद्रित रही है। बीहर रिवर फ्रंट इसी सोच का परिणाम है। उन्होंने नदी के तटों को पर्यटन और नागरिक सुविधाओं के केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल की। परियोजना को प्राथमिकता देकर निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने और इसे धरातल पर उतारने के प्रयास किए। 9 नवंबर 2024 को राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने इसका लोकार्पण किया था। इस परियोजना ने साबित किया कि विकास की इच्छाशक्ति हो तो शहर की पुरानी और उपेक्षित स्थलों को भी नई पहचान दी जा सकती है। आज राष्ट्रीय स्तर पर रीवा की इस परियोजना को मिली प्रतिष्ठा के पीछे वर्षों की योजना और उसे साकार करने का प्रयास दिखाई देता है।
सौंदर्यीकरण के साथ संरक्षण भी जरूरी
रीवा के विकास को लेकर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल की सोच हमेशा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ शहर की विशिष्ट पहचान विकसित करने पर केंद्रित रही है। बीहर रिवर फ्रंट इसी सोच का परिणाम है। उन्होंने नदी के तटों को पर्यटन और नागरिक सुविधाओं के केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल की। परियोजना को प्राथमिकता देकर निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने और इसे धरातल पर उतारने के प्रयास किए। 9 नवंबर 2024 को राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने इसका लोकार्पण किया था। इस परियोजना ने साबित किया कि विकास की इच्छाशक्ति हो तो शहर की पुरानी और उपेक्षित स्थलों को भी नई पहचान दी जा सकती है। आज राष्ट्रीय स्तर पर रीवा की इस परियोजना को मिली प्रतिष्ठा के पीछे वर्षों की योजना और उसे साकार करने का प्रयास दिखाई देता है।
सौंदर्यीकरण के साथ संरक्षण भी जरूरी
रिवर फ्रंट की सबसे बड़ी चुनौती इसकी सुंदरता और स्वच्छता को लंबे समय तक बनाए रखना है। नदी के किनारे आकर्षक निर्माण के साथ ही नदी के पानी को प्रदूषण से बचाना भी जरूरी है। बिछिया क्षेत्र में 6.5 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे 10 वार्डों के गंदे पानी के उपचार की व्यवस्था की गई है। नदी में गंदे नालों का पानी जाने से रोकना, नियमित सफाई, प्लास्टिक कचरे पर नियंत्रण, घाटों का रखरखाव और हरियाली का संरक्षण प्राथमिकता में होना चाहिए। इसके लिए नगर निगम के साथ नागरिकों की भागीदारी भी आवश्यक है। रिवर फ्रंट को स्वच्छ बनाए रखना किसी एक विभाग की नहीं, पूरे शहर की जिम्मेदारी होनी चाहिए।
दूसरे चरण से बढ़ सकता है दायरा
दूसरे चरण में बीहर नदी के दूसरे तट पर निपनिया से पुष्पराज नगर तक रिवर फ्रंट विकसित करने की योजना सामने आई है। इससे नदी के दोनों किनारों को व्यवस्थित किया जा सकेगा और परियोजना का लाभ शहर के बड़े हिस्से तक पहुंचेगा। इसके साथ वाटर स्पोट्र्स और बोट क्लब जैसी सुविधाओं के प्रस्ताव भी रीवा के पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण हो सकते हैं। यदि इन योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाता है तो बीहर नदी का तट पर्यटकों के लिए आकर्षक गतिविधियों का केंद्र बन सकेगा।
पर्यटन और रोजगार की संभावनाओं का नया द्वार
रीवा में मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी, पुरवा जलप्रपात, क्योटी जलप्रपात और गोविंदगढ़ किले जैसे आकर्षण पहले से मौजूद हैं। बीहर रिवर फ्रंट इस पर्यटन श्रृंखला में शहरी पर्यटन का नया केंद्र बन गया है। यदि यहां स्थानीय व्यंजनों के फूड जोन, सांस्कृतिक आयोजन, कला प्रदर्शनियां और व्यवस्थित पर्यटन गतिविधियां विकसित की जाती हैं तो स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी प्रोत्साहन मिलेगा। रीवा के बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए रिवर फ्रंट शहर का एक महत्वपूर्ण आकर्षण बन सकता है। इससे होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन और स्थानीय कारोबार को लाभ मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। बीहर रिवर फ्रंट को मिली राष्ट्रीय प्रतिष्ठा ने रीवा की इस विकास परियोजना को देशभर में पहचान दिलाई है। यह उपलब्धि उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल की पहल, नगरनिगम के प्रयासों, निर्माण एजेंसियों और सफाई मित्रों सहित उन सभी लोगों के सामूहिक योगदान का परिणाम है, जिन्होंने इस परियोजना को साकार करने में भूमिका निभाई। अब असली कसौटी इस उपलब्धि को स्थायी बनाने की है।



