This change in the admission process of Awadhesh Pratap Singh University, know the complete update
रीवा। अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय ने अपने परिसर के शिक्षण विभागों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इसके लिए छात्रों से आनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। आनलाइन प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय की ओर से नोटिफिकेशन जारी किए जाने के बाद कई कक्षाओं में छात्रों ने प्रवेश के लिए आवेदन भी कर दिया है। बताया गया है कि एमपीआनलाइन पोर्टल पर प्रवेश की प्रक्रिया होगी। जिसमें छात्र कियोस्क सेंटर या फिर स्वयं के संसाधन से भी आवेदन कर सकते हैं। इससे विश्वविद्यालय में लगने वाली भीड़ से राहत मिलेगी। प्रवेश के लिए छात्रों को रजिस्ट्रेशन कराने के लिए 600 रुपए शुल्क देना होगा। वहीं एससी-एसटी जाति वर्ग के छात्रों को 400 रुपए देना होगा। यह प्रवेश प्रक्रिया 18 मई से शुरू की गई है, विवि द्वारा नोटिफिकेशन के अनुसार प्रथम चरण में आगामी 31 मई तक छात्र प्रवेश के लिए फार्म ले सकेंगे। इसके साथ ही संबंधित विभाग में 1 जून तक फार्म जमा करने होंगे। सूची का प्रकाशन 4 जून को किया जाएगा और इसी के आधार पर छात्र प्रवेश ले सकेंगे। इसके बाद दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरु की जाएगी।
नियमित सहित स्ववित्तीय पाठ्यक्रम के पांच ग्रुप
विश्वविद्यालय ने जिन नियमित पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए अधिसूचना जारी की है उसमें प्रमुख रूप से एमएससी इंवारमेंटल वायलॉजी, केमेस्टी, मैथ, फिजिक्स, एमए इतिहास, भूगोल, व्यवसायिक अर्थशास्त्र, फिलासिपी, हिन्दी, अंग्रेजी, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र आदि में प्रवेश दिया जाएगा। पीजीडीसीए दो सेमेस्टर शामिल हैं। वहीं विश्वविद्यालय ने स्ववित्तीय पाठ्यक्रमों को पांच ग्रुपों में विभाजित किया है। पहले ग्रुप में पेास्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम, दूसरे ग्रुप में डिग्री प्रोग्राम है जिसमें बीबीए, बीसीए, बीकाम आनर्स, बीएससी, बीपीइएस, बीए आनर्स, बीटेक को शामिल किया गया है। तीसरे ग्रुप में इंटीग्रेटेड डिग्री प्रोग्राम को शामिल किया गया है जिसमें बीएएलएलबी को रखा गया है। चौथे ग्रुप में डिप्लोमा पाठ्यक्रम रखे गए हैं। इसमें डिप्लोमा इन गाइडेंस एंड काउंसिलिंग, डिप्लोमा इन योगा एजुकेशन को शामिल किया गया है। ग्रुप पांच में सर्टिफिकेट प्रोग्राम को शामिल किया गया है। जिसमें सोलर एनर्जी, जर्नलिस्म एडं मास कम्यूनिकेशन, रूलर मैनेजमेंट, टूर एडं ट्रेवल, हेरिटेज मैनेजमेंट, गौ सर्वधन, संस्कृतसुबोधम सहित अन्य नए कोर्स शामिल किए गए हैं। इनमें से कई नए पाठ्यक्रम छात्र हित में कुलगुरु डॉ.राजेन्द्र कुड़रिया द्वारा शुरु किए गए हैं, जिनका लाभ इस वर्ष से छात्रों को मिलेगा।
मेरिड के आधार पर होगा प्रवेश
बता दें कि विवि द्वारा जारी नोटिफिकेशन के बाद आवेदन करने वाले छात्रों को मेरिड के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। किसी भी पाठ्यक्रम में परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। बता दें कि वर्तमान में 12वंी की द्वितीय परीक्षा भी संचालित की जा रही है। संभवत: मई अंतिम तक इसका भी परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। यदि नहीं होता है तो विवि में प्रवेश लेने वाले छात्रों को अगले चरण का इंतजार करना पड़ेगा।
००००००००००
विवि में प्रवेश प्रक्रिया संबंधित नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। 18 मई से आवेदन शुरु कर दिए गए हैं। कई नए पाठ्यक्रम छात्र हित में शुरु किए गए हैं, जिनका उद्देश्य छात्रों को अघिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
डॉ.राजेन्द्र कुड़रिया, कुलगुरु एपीएसयू रीवा।
०००००००००




