गढ़। स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाकर लौटे दो स्कूली छात्रों की शनिवार को गहरी बावली में डूबने से मौत हो गई। दर्दनाक हादसा गढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ स्थित खेल मैदान के पास हुआ। दोनों छात्र 15 अगस्त के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मैदान के पास कबड्डी खेलने पहुंचे थे। इसी दौरान वे गहरी बावली में गिर गए और डूबने से उनकी जान चली गई। मृतकों की पहचान टेढ़ताल गांव निवासी शिव पाठक, कक्षा आठवीं के छात्र के रूप में हुई है, जो पतंजलि पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत था। वहीं दूसरा मृतक खर्रा गांव निवासी सुभाष सोनी, पिता रजनीश सोनी, कक्षा आठवीं का छात्र था और बाल भारती स्कूल में पढ़ता था। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को बावली से बा koहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
जश्न के बाद घरों में छाया मातम
स्वतंत्रता दिवस पर स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोनों छात्र खेल मैदान पहुंचे थे। कबड्डी खेलने के दौरान अचानक हुए हादसे से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
गढ़ क्षेत्र में पानी में डूबने का फिर हादसा
गढ़ थाना क्षेत्र में पानी में डूबने से बच्चों की मौत का यह दूसरा दर्दनाक मामला सामने आया है। इससे पहले ग्राम माल में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम भाई-बहन की मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने खुले और गहरे जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था तथा चेतावनी संकेत लगाए जाने की जरूरत को फिर उजागर किया है।






