Rewa: Government Girls' College, Rewa secures first place in NCC parade; students bring glory under the Principal's leadership
रीवा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय परेड में शासकीय कन्या महाविद्यालय की एनसीसी कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट परेड के लिए जिला कलेक्टर एवं उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने महाविद्यालय की एनसीसी कैडेट्स को प्रथम स्थान की शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
कैडेट्स की इस उपलब्धि के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को प्रमुख कारण माना जा रहा है। छात्राओं ने परेड के दौरान अनुशासन और आत्मविश्वास का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
प्राचार्य के नेतृत्व में एनसीसी को मिल रही नई पहचान
महाविद्यालय की इस उपलब्धि का श्रेय प्राचार्य डॉ. मेजर विभा श्रीवास्तव के नेतृत्व को भी दिया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में शासकीय कन्या महाविद्यालय में एनसीसी गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहन मिला है। प्रशिक्षण, अनुशासन और कैडेट्स के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिए जाने का परिणाम है कि महाविद्यालय की एनसीसी इकाई लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है।
प्राचार्य डॉ. मेजर विभा श्रीवास्तव ने कैडेट्स की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट शिल्पा शर्मा सहित सभी कैडेट्स को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कमांडिंग ऑफिसर सहित अधिकारियों ने दी बधाई
3 एमपी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर ने भी प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कैडेट्स को बधाई दी। वहीं उच्च शिक्षा के अतिरिक्त संचालक डॉ. महेंद्र द्विवेदी, प्राचार्य डॉ. मेजर विभा श्रीवास्तव तथा महाविद्यालय के समस्त परिवार ने लेफ्टिनेंट शिल्पा शर्मा और एनसीसी कैडेट्स को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।
महाविद्यालय परिवार का कहना है कि प्राचार्य डॉ. मेजर विभा श्रीवास्तव के कुशल नेतृत्व एवं एनसीसी गतिविधियों को दिए जा रहे निरंतर प्रोत्साहन से संस्था की छात्राएं विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। स्वतंत्रता दिवस की परेड में प्रथम स्थान प्राप्त करना इसी निरंतर प्रयास और अनुशासित प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।






