रीवा। सुहागी पहाड़ क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब चरवाहों ने पहाड़ में एक बैग के अंदर अज्ञात युवक का शव देखा। शव मिलने की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
तीन दिन पुराना बताया जा रहा शव
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच है। शव करीब तीन दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है और आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
बैग में शव मिलने से हत्या की आशंका
युवक का शव बैग के अंदर जिस संदिग्ध परिस्थिति में मिला है, उससे प्रथम दृष्टया हत्या कर शव को यहां लाकर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

साक्ष्य जुटाने में लगी पुलिस
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास मिले संभावित साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत कब, कैसे और किन परिस्थितियों में हुई तथा शव को बैग में रखकर पहाड़ तक कौन लेकर आया। आसपास के क्षेत्रों में युवक की पहचान के लिए भी पूछताछ की जा रही है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही इस सनसनीखेज मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी।
विंध्य वाणी में सबसे पहले—आप तक




