Major fraud in purchase of medicines in CMHO office, both in-charge CMHOs acted arbitrarily…
विंध्य वाणी,रीवा। एक अवैध क्लीनिक की शिकायत के बाद जांच न कर पाने वाले दोनों प्रभारी सीएमएचओ डॉ.यत्नेश त्रिपाठी और डॉ.अनुराग शर्मा की मनमानी सामने आई है, रिपोर्ट जांच टीम ने जेडी हेल्थ को सौंप दी है, यह बात अलग है कि एक सप्ताह बीतने को है जेडी हेल्थ ने इस जांच टीम रिपोर्ट को दबा रखा है और अब तक वह लगभग तीन किमी की दूरी जांच रिपोर्ट नहीं तय कर पाई और संभागायुक्त कार्यालय तक नहीं पहुंंच सकी। जांच टीम का जो प्रतिवेदन सामने आया है उसमें स्पष्ट है कि मनमानी तरीके से मार्च 2026 में बजट में बंदरबांट करने के लिए दवा की खरीदी की गई। बता दें कि बजट को ठिकाने लगाने के लिए लाखों की दवाइयां लोकल पर्चेज के नाम पर खरीद डाली।
इसका खुलासा होने पर पहले क्षेत्रीय संचालक ने जांच बैठाई थी लेकिन वह औपचारिकता तक ही सीमित थी तो शिकायत कर्ता ने कलेक्टर व संभगाायुक्त को शिकायत की और संभागायुक्त ने इस मामले को गंभीरता से लिया और जांच के लिए आदेशित किया तो जेडी हेल्थ ने फिर से उसी जांच टीम को जिम्मेदारी दी। जांच टीम ने बीते 19 मई को अपना प्रतिवेदन जेडी हेल्थ को सौंपा है जिसे संभागायुक्त को भेजना है लेकिन जेडी हेल्थ ने मामले को दबा रखा है। इसी बीच आरटीआई में यह जांच प्रतिवेदन सामने आया है। जिसमें दोनो प्रभारी सीमएएचओ रहे डॉ.अनुराग शर्मा व वर्तमान सीएमएचओ डॉ.यत्नेश त्रिपाठी दोषी मिले हैं।
जांच टीम ने दिया यह अभिमत
जांच टीम ने जांच प्रतिवेदन में जो अभिमत दिया है, उसके अनुसार डॉ. अनुराग शर्मा तत्कालीन प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला रीवा द्वारा जैम पोर्टल पर बिड किए जाने हेतु दिनांक 20 फरवरी 2026 को कलेक्टर जिला रीवा से अनुमोदन चाहा गया था। जिस पर कलेक्टर जिला रीवा के द्वारा नोटशीट मे शासन संचालनालय से सीएमएचओ के आदेश की पुष्टि के बाद ही की स्पष्ट टीप दी गई। कलेक्टर जिला रीवा के निर्देश के बाद भी दिनांक 21 फरवरी 2026 को डॉ. अनुराग शर्मा तत्कालीन प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला रीवा ने जैम पोर्टल पर बिड प्रक्रिया किए जाने हेतु कय लिपिक को आदेशित किया। बिड प्रक्रिया अपलोड कर दी गई।
जो कि नियमानुसार नही है। डॉ. यत्नेश त्रिपाठी प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला रीवा ने भी पूर्व नोटशीट क्र. 25/13/01/2026 के पृष्ठ क्र.1 एवं 2 को अवलोकन किए बिना सीधे बिड ओपेन कर क्रय आदेश जारी कर भुगतान की कार्यवाही कर दी जो कि नियमानुसार नहीं है। जबकि कलेक्टर जिला रीवा के द्वारा नोटशीट मे दिए गए निर्देशानुसार डॉ. यत्नेश त्रिपाठी प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला रीवा को ज्वॉइनिंग करने के बाद जैम पोर्टल में बिड करने की प्रक्रिया करनी चाहिए थी।
००००००००००००००




