APS University's 59th Foundation Day on July 20रीवा। अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (एपीएसयू) अपने गौरवशाली शैक्षणिक सफर के 58 वर्ष पूर्ण कर 59वें स्थापना दिवस का आयोजन 20 जुलाई 2026 को करेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थापना दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम का आयोजन पूर्वाह्न 11:30 बजे पं. शंभूनाथ शुक्ल सभागार में होगा, जिसमें शिक्षा, संस्कृति एवं अध्यात्म जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी आमंत्रण के अनुसार समारोह में नरसिंह पीठाधीश्वर पूज्य डॉ. स्वामी नरसिंहदेवाचार्य महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं राष्ट्रीय सह-संयोजक, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास श्री ओम प्रकाश शर्मा विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य वक्ता होंगे। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं समाजसेवी महाराज पुष्पराज सिंह जूदेव सारस्वत अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेंद्र कुमार कुड़रिया करेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार स्थापना दिवस केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि संस्थान की उपलब्धियों, शैक्षणिक विकास और भावी योजनाओं का भी महत्वपूर्ण अवसर होगा। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, शोध गतिविधियों, नवाचारों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही उच्च शिक्षा की बदलती चुनौतियों और नई शिक्षा नीति के अनुरूप विश्वविद्यालय की भावी कार्ययोजना भी प्रस्तुत किए जाने की संभावना है।
गौरतलब है कि वर्ष 1968 में स्थापित अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय आज विंध्य क्षेत्र में उच्च शिक्षा का सबसे बड़ा केंद्र बन चुका है। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में हजारों विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि यहां से शिक्षा प्राप्त कर निकले छात्र देश-विदेश में विभिन्न प्रशासनिक, शैक्षणिक, तकनीकी एवं शोध संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।




