रीवा। शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय में तकनीकी शिक्षा के विस्तार की दिशा में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर 14 नए पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए प्राचार्य डॉ.आरपी तिवारी ने बताया कि स्नातक स्तर के पांच और स्नातकोत्तर स्तर के नौ पाठ्यक्रम शामिल हैं। प्रस्तावित विषयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी, ऑटोमेशन एंड रोबोटिक्स, साइबर सिक्योरिटी और डेटा साइंस जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्र शामिल हैं। बीते 4 जुलाई को हुई 23वीं बैठक में इन कोर्सो को शुुरु करने प्रस्ताव भेजने के लिए सहमति बनी थी। इसमें विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता बढ़ाने और उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप नए विषयों में पढ़ाई शुरू करने के लिए अनुमति देने संबंधी प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है।
संस्थान में सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और कंप्यूटर साइंस से संबंधित इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम संचालित हैं। बदलती तकनीकी जरूरतों और उद्योगों की मांग को ध्यान में रखते हुए नए विषयों में पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक इंजीनियरिंग शाखाओं के साथ उभरती तकनीकों से जुड़े अध्ययन के विकल्प उपलब्ध कराना है।
स्नातक स्तर पर पांच नए कोर्स प्रस्तावित
प्रस्तावित सूची में स्नातक स्तर के पांच पाठ्यक्रम शामिल हैं। इनमें माइनिंग इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग एआई व एमएल, इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी, ऑटोमेशन एंड रोबोटिक्स तथा फायर टेक्नोलॉजी एंड सेफ्टी इंजीनियरिंग शामिल हैं। इन विषयों के माध्यम से खनन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, इलेक्ट्रिक वाहनों, औद्योगिक स्वचालन और अग्नि सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में तकनीकी शिक्षा के विकल्प विकसित करने की योजना है।
यूजी में नौ नए पाठ्यक्रमों की योजना
स्नातकोत्तर स्तर पर माइक्रो इलेक्ट्रॉनिक्स एंड वीएलएसआई, डिजिटल कम्युनिकेशन, साइबर सिक्योरिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंजीनियरिंग, मशीन डिजाइन एंड रोबोटिक्स, इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट, एडवांस प्रोडक्शन सिस्टम तथा कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट प्रस्तावित हैं। यह पाठ्यक्रम इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और निर्माण तकनीक से जुड़े क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के नए विकल्प उपलब्ध करा सकते हैं।
००००००
कॉलेज में यूजी में 5 और पीजी में 9 नए पाठ्सक्रम शुरु करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेज दिया गयाा है। मंजूरी मिलते ही इनमें प्रवेश शुरु किए जांएगे।
डॉ.आरपी तिवारी, प्राचार्य शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज रीवा।
०००००००




