अमरपाटन। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अमरपाटन में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्राचार्य रघुनाथ प्रसाद पाठक रहे, जबकि अध्यक्षता संस्था के प्राचार्य डॉ. आलोक कुमार सिन्हा ने की।
समारोह में वरिष्ठ प्राध्यापक श्री कंदर्प नारायण मिश्रा सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति, देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना देखने को मिली।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. आलोक कुमार सिन्हा ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से युवा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थितजनों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। समारोह का समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. इफ्तिशाम खान ने किया।






