A daughter created history amidst the pain of losing her father.
रीवा। जिले के बोदाबाग निवासी 16 वर्षीय प्रतिभाशाली महिला क्रिकेटर जाह्नवी राजपूत का चयन मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) की प्रतिष्ठित टीम भोपाल बुल्स में हुआ है। जाह्नवी की इस उपलब्धि से पूरे रीवा संभाग में खुशी और गर्व का माहौल है। जाह्नवी ने हाल ही में आयोजित डिवीजन क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 4 मैचों में 11 विकेट हासिल किए और 155 रन बनाकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। उनके हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर उन्हें भोपाल बुल्स की टीम में जगह मिली।
महज 16 वर्ष की उम्र में जाह्नवी मध्य प्रदेश अंडर-15 टीम का भी प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने रीवा में क्रिकेट कोच इंद्रदेव भारती उर्फ स्वामी के मार्गदर्शन में क्रिकेट की बारीकियां सीखी हैं। जाह्नवी की सफलता की कहानी संघर्षए साहस और दृढ़ संकल्प की मिसाल है। 1 अप्रैल को एक सड़क दुर्घटना में उनके पिता का असामयिक निधन हो गया था।
परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा लेकिन जाह्नवी ने हिम्मत नहीं हारी। पिता के निधन के केवल कुछ दिनों बाद ही उन्होंने डिवीजन मैच में हिस्सा लिया और भावनात्मक परिस्थितियों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए 80 रन और 4 विकेट अपने नाम किए। भोपाल बुल्स का पहला मुकाबला 4 जून को इंदौर में बुंदेलखंड बुल्स के खिलाफ खेला जाएगा।
०००००००००




