रीवा। शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी टीईटी का विरोध अभी भी जारी है। शिक्षक इस बात की मांग कर रहे हैं कि शिक्षा विभाग पहले वह सूची जारी करे जिसमें उन शिक्षकों के नाम हों जिन्हें परीक्षा देनी है। विभाग द्वारा किसी प्रकार के आदेश जारी न करने पर भी शिक्षकों की बेहद नाराजगी है। यही वजह है कि सोमवार को परीक्षा का आवेदन करने की अंतिम तिथि थी लेकिन बहुत कम संख्या में शिक्षकों ने आवेदन किए, जिसके बाद तिथि को बढ़ाकर 11 अक्टूबर किया गया। शासन ने आरक्षित वर्ग के लिए जरूर इतनी राहत दी है कि उन्हें परीक्षा में 50 फीसदी अंक ही लाने होंगे। जिले के हजारों शिक्षकों पर टीईटी की तलवार लटक रही है। हालांकि विरोध के स्वर भी बुलंद हैं और अभी तक मात्र गिनती के ही शिक्षकों ने परीक्षा के आवेदन किए हैं, जबकि लास्ट डेट पहले 5 अक्टूबर थी जो अब 11 अक्टूबर हो गई है। न्यायालय द्वारा पारित आदेशों के अनुसार ऐसे शिक्षक जो प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के हैं उनको शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत दिनांक 31 अगस्त 2028 के पूर्व पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। इसी के मद्देनजर प्राथमिक स्तर के शिक्षकों की पात्रता परीक्षा आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में समस्त शासकीय विद्यालयों के माध्यमिक स्तर के ऐसे सभी माध्यमिक शिक्षक, अध्यापक एवं संविदा शाला शिक्षक वर्ग 2 सम्मिलित हो सकेंगे, जिनके द्वारा शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अनुसार आयोजित पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की गई है। इसके अतिरिक्त अशासकीय विद्यालयों में माध्यमिक कक्षाओं में अध्यापन करने वाले ऐसे शिक्षक जिन्होंने पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण नहीं है वे भी सम्मिलित हो सकेंगे। ऐसे लोकसेवक जो सीटीईटी (केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा) उत्तीर्ण हैं उन्हें इस परीक्षा में सम्मिलित होने की आवश्यकता नहीं है।
परीक्षा केंद्रों का निर्धारण मंडल करेगा
शिक्षक पात्रता परीक्षा के लि लिए केंद्रों का निर्धारण मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा किया जाएगा। शिक्षक पात्रता परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए वर्गवार न्यूनतम अंकों का प्रतिशत निर्धारित किया गया है। उसके अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग व्यक्ति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 50 प्रतिशत, सामान्य तथा बाकी के लिए 60 फीसदी अंक जरूरी होंगे।
150 अंकों का पेपर
पात्रता परीक्षा हेतु 150 अंकों का एक प्रश्न पत्र होगा। परीक्षा की अवधि 2.30 घंटे होगी। पात्रता परीक्षा के सभी प्रश्न बहुविकल्पीय प्रकार के होंगे, जिनके चार विकल्प होंगे, इनमें एक विकल्प सही होगा। प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा। प्रश्न पत्र के दो भाग होंगे। भाग अ एवं भाग ब। भाग अ सभी के लिए अनिवार्य होगा, भाग ब के अंतर्गत शामिल विषयों में से किसी एक विषय का चयन करना होगा। आवेदन कम हुए तो सीमित परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।
०००००००




