रीवा। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के शक्तिनगर में सड़क किनारे मिले व्यक्ति के शव के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जिस घटना को सड़क हादसा बताने की कोशिश की गईए वह कथित तौर पर सुनियोजित हत्या थी। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी प्रियंका को रीवा जिले के बैकुंठपुर से गिरफ्तार किया है। उसके कथित प्रेमी विकास चौहान सहित अनुराग और सोनू को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक ने अपनी पत्नी प्रियंका को कथित रूप से विकास चौहान के साथ देख लिया था। इसके बाद दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी।
आरोप है कि इसी विवाद के बाद प्रियंका ने विकास चौहान और उसके दो अन्य सहयोगियों अनुराग व सोनू के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। मृतक का शव सड़क किनारे मिलने के बाद पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर घटना की जांच सड़क हादसे के रूप में शुरू की, लेकिन जांच के दौरान परिस्थितियां संदिग्ध मिलने पर अन्य पहलुओं को भी खंगाला गया। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्डए मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। इनसे आरोपियों की गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने रीवा पहुंचकर बैकुंठपुर में दबिश दी और मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद शव को सड़क किनारे इस तरह रखा गया, जिससे मामला सड़क दुर्घटना जैसा प्रतीत हो। जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद आरोपी महिला रीवा स्थित अपने ससुराल पहुंची थी। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की पूरी साजिश, वारदात में शामिल अन्य लोगों और इस्तेमाल किए गए साधनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे अन्य तथ्य सामने आने की संभावना है।
००००००००००




