सतना। अमरपाटन तहसील के नादन देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार की रात नदी पार करते समय दो सगे भाइयों समेत तीन बच्चे तेज बहाव में बह गए। इनकी पहचान विराज कुशवाहा उम्र 7 वर्ष सार्थक कुशवाहा उम्र 5 वर्ष और उनके मामा अंकुल कुशवाहा उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन में सार्थक का शव ढूंढ निकाला है।
दोनों बच्चे भडरी अमरपाटन के रहने वाले हैं जबकि अंकुल खरमसेड़ा का। शनिवार रात करीब 10 बजे तीनों जूरा गांव के पास नदी पार कर बाइक से बहन के घर जन्मदिन समारोह में शामिल होने तेंदुहटी जा रहे थे।
तेज बहाव में तीनों बहे बाइक मिली
नदी पार करने के दौरान अचानक पानी का तेज बहाव आया। इसकी चपेट में आने से तीनों बह गए। हादसे के बाद उनकी मोटरसाइकिल नदी किनारे रपटे के पास फंसी मिली। एक बच्चे का शव मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीमों को सावधानी के साथ तलाश करनी पड़ रही है। मौके पर तहसीलदार आरडी साकेत और देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीमों को भी काफी सावधानी के साथ सर्च ऑपरेशन चलाना पड़ रहा है। फिलहाल लापता दो लोगों का कोई पता नहीं चल पाया है।




