A private company will operate these 8 Community Health Centers in Rewa; 340 new people will be recruited
रीवा। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने रीवा समेत प्रदेश के तीन जिलों में चयनित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का संचालन आउटसोर्स प्रणाली से कराने की मंजूरी दी है। शासन के आदेश के अनुसार रीवा जिले के 8 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इस व्यवस्था में शामिल किए गए हैं। शासन के आदेश के मुताबिक पायलट परियोजना के तहत चयनित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का संचालन आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से पांच वर्ष के लिए किया जाएगा। इसके लिए सेवा प्रदाता संस्था को संचालन, प्रबंधन, हाउसकीपिंग, सुरक्षा, आंतरिक रखरखाव तथा आवश्यक चिकित्सकीय एवं अन्य मानव संसाधन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
आदेश के साथ जारी मानव संसाधन मापदंड में 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए कुल 41 मानव संसाधन का प्रावधान किया गया है। इसमें एनेस्थीसिया, मेडिसिन, प्रसूति एवं स्त्री रोग, बाल रोग और सर्जरी के एक-एक विशेषज्ञ, तीन मेडिकल अधिकारी, एक डेंटल सर्जन, फार्मासिस्ट, अकाउंटेंट-कम-स्टोरकीपर-क्लर्क, 10 नर्सिंग अधिकारी, रेडियोग्राफर, दो लैब टेक्नीशियन, वार्ड बॉय, दो एएनएम, ओटी टेक्नीशियन सहित अन्य पद शामिल हैं। मानक के अनुसार तीन शिफ्ट में सुरक्षा के लिए तीन कर्मचारी और सफाई के लिए दो कर्मचारी भी शामिल किए गए हैं। इस तरह एक 30 बेड के सीएचसी के लिए निर्धारित कुल मानव संसाधन 41 है।
दवाएं और सर्जिकल सामग्री शासन उपलब्ध कराएगा
आउटसोर्स व्यवस्था में अस्पताल संचालन से जुड़ी पूरी जिम्मेदारी निजी सेवा प्रदाता को देने के बावजूद शासकीय दवाएं, टीके तथा शल्य क्रिया/ओपीडी/आईपीडी सेवाओं के लिए आवश्यक दवाएं एवं उपभोग्य सामग्री विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं वर्तमान शासकीय कर्मचारियों को लेकर भी आदेश में व्यवस्था की गई है। संबंधित सीएचसी में पदस्थ मानव संसाधन को एक बार के लिए जिले में स्थित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में स्थानांतरित करने का विकल्प दिया जाएगा। जो कर्मचारी स्थानांतरण का विकल्प नहीं चुनेंगेए उनके वेतन आदि का भुगतान संस्था के प्रमाणीकरण के आधार पर किया जाएगा।
निगरानी के लिए बनेगा सर्विस लेवल एग्रीमेंट
पायलट परियोजना की निगरानी संचालनालयए लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा की जाएगी। सेवा प्रदाता संस्था के साथ सर्विस लेवल एग्रीमेंट तैयार किया जाएगा, जिसमें संस्था के साथ किए जाने वाले अनुबंध की शर्तें शामिल होंगी। एजेंसी के चयन के लिए निविदा प्रक्रिया अपनाई जाएगी और निविदा प्रक्रिया के माध्यम से संपादित की जाएगी।
जिले के इन 8 सीएचसी का चयन
सीएचसी चाकघाट
सीएचसी हनुमना
सीएचसी नईगढ़ी
सीएचसी गंगेव
सीएचसी गुढ़
सीएचसी रायपुर कर्चुलियान
सीएचसी रिठ
सीएचसी गोविंदगढ़
००००००००००




