रीवा। बीहर नदी के दोनों किनारों पर निर्धारित ग्रीन बेल्ट में कथित अतिक्रमण और अवैध निर्माण को लेकर नगर पालिक निगम के पार्षद एवं MIC सदस्य धनेन्द्र सिंह बघेल ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पत्र में नदी तट से अतिक्रमण हटाने और अवैध निर्माण पर रोक लगाने का आग्रह किया गया है।
पत्र के अनुसार रीवा शहर के मास्टर प्लान में बीहर व बिछिया नदी के किनारे दोनों तरफ 50 मीटर तक ग्रीन बेल्ट निर्धारित है। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार के निर्माण पर रोक का प्रावधान बताया गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के कारण यहां कंक्रीट निर्माण, मकान और व्यावसायिक भवनों का निर्माण नहीं किया जा सकता।
पार्षद ने आरोप लगाया है कि मास्टर प्लान में प्रतिबंधित क्षेत्र होने के बावजूद नदी के किनारे लगातार नए निर्माण सामने आ रहे हैं। पत्र में बताया गया कि पूर्व में रिवर फ्रंट, इको पार्क और बीहर नदी के किनारे वार्ड क्रमांक-6 के विपरीत लगभग 100 आलीशान मकानों का निर्माण हो चुका है। वहीं नदी के आसपास शाही बिल्डर्स, शांति विहार सहित अन्य स्थानों पर भी निर्माण कार्य जारी होने का उल्लेख किया गया है।
नदी के प्राकृतिक प्रवाह में बाधा का आरोप
पत्र में कहा गया है कि नदी किनारे पक्के निर्माण और सेड बनाए जाने से बीहर नदी के प्राकृतिक प्रवाह में बाधा उत्पन्न हो रही है। इससे भविष्य में बाढ़ जैसी गंभीर समस्या की आशंका बढ़ सकती है। साथ ही नदी किनारे अतिक्रमण से पर्यावरण संतुलन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात कही गई है।
शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं
पार्षद के अनुसार स्थानीय निवासियों द्वारा भी नदी किनारे अतिक्रमण और अवैध निर्माण को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने चेताया कि समय रहते निर्माण कार्यों पर रोक नहीं लगाई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
उन्होंने कलेक्टर से मामले की तत्काल जांच कराने, नदी तट से अतिक्रमण हटाने और अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि नगर निगम के महापौर और आयुक्त को भी भेजी गई है।




