रीवा। बीहर नदी के ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में किए गए अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। निगम आयुक्त अक्षत जैन के निर्देश पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सहयोग से जोन-1 के वार्ड क्रमांक-5 स्थित ढेकहा हमीदिया कॉलोनी के आगे बद्रिका फार्म हाउस में किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई सुबह से शुरू हुई और मौके पर निगम के अतिक्रमण दल के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
नगर निगम के निरीक्षण में सामने आया था कि बीहर नदी के किनारे ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में सुनील कुमार सिंह द्वारा बिना भवन अनुज्ञा के भूतल, प्रथम तल और शेड का निर्माण कराया गया था। इसी परिसर में सरिता सिंह उर्फ नीलम सिंह द्वारा बिना अनुमति स्विमिंग पूल का निर्माण भी कराया जाना पाया गया। निगम के मुताबिक नदी के ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में होने के कारण ये निर्माण मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 के प्रावधानों के विपरीत और अनाधिकृत थे।
पहले नोटिस, फिर अंतिम चेतावनी
कार्रवाई से पहले निगम ने संबंधितों को अपना पक्ष रखने और निर्माण हटाने का अवसर दिया था। 17 जुलाई को अधिनियम की धारा 307 के तहत सूचना पत्र जारी कर सात दिन में स्पष्टीकरण और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। निगम का कहना है कि निर्धारित अवधि में न तो निर्माण हटाया गया और न ही जवाब प्रस्तुत किया गया।
इसके बाद 27 अगस्त को धारा 307(2) के तहत अंतिम सूचना जारी कर तीन दिन में स्वयं अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि ऐसा नहीं करने पर निगम द्वारा निर्माण ध्वस्त किया जाएगा और कार्रवाई में होने वाला खर्च भी संबंधितों से वसूला जाएगा। समयसीमा समाप्त होने के बाद मंगलवार को निगम ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
ग्रीन बेल्ट में अन्य निर्माण भी निशाने पर
निगम आयुक्त अक्षत जैन ने कहा कि नदी के ग्रीन बेल्ट और शासकीय भूमि पर किसी भी तरह का अनाधिकृत निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। शहर में चिन्हित ऐसे अन्य स्थलों पर भी क्रमवार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भवन निर्माण से पहले नगर निगम से विधिवत भवन अनुज्ञा प्राप्त करें। बिना अनुमति निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई के साथ निर्माण हटाने में आने वाला खर्च भी संबंधित से वसूला जाएगा।
कार्रवाई के दौरान कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह, नायब तहसीलदार यतीश शुक्ला, सहायक यंत्री राजेश मिश्रा, सिविल लाइन थाना प्रभारी जेबी सिंह, उपयंत्री श्यामसुंदर मिश्रा, अतिक्रमण प्रभारी राजेश चतुर्वेदी सहित नगर निगम का अतिक्रमण दल और पुलिस बल मौजूद रहा।




