Municipal Corporation Commissioner (IAS) Akshat Jain. Applications from 1,361 beneficiaries for PM SVANidhi received in 6 days…
रीवा। लोक कल्याण मेला के तहत पीएम स्वनिधि योजना का लाभ प्रदान करने के लिए चल रही विशेष शिविरों की श्रंखला अब तक मात्र 1361 हितग्राहियों के आवेदन नगर निगम को प्राप्त हुए हैं। विगत 12 जून से प्रारंभ विशेष शिविर 22 जून तक चलेंगे। इस दौरान नगर निगम को निगमायुक्त द्वारा दिये गये 2500 हितग्राहियों की खोज कर उन्हें लाभान्वित करने के लक्ष्य को पूरा करना है। इन हितग्राहियों को 15 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक का लोन प्रदान किया जाएगा।
नगर निगम रीवा द्वारा प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत चारों जोनों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। योजना के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में पथ विक्रेताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। अभियान की निरंतरता में 17 जून को आयोजित शिविरों में चारों जोनों से कुल 184 आवेदन प्राप्त हुए। 12 जून से 22 जून तक विशेष अभियान के तहत नगर निगम के सभी जोनों में शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविरों में निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा क्षेत्र भ्रमण कर पथ विक्रेताओं को प्रेरित करते हुए पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन तथा पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत 184 आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई।
इस दौरान उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी ने चारों जोनों में संचालित विशेष शिविरों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र पथ विक्रेताओं तक पहुंच बनाकर उन्हें योजना की जानकारी दें एवं शिविरों में लाकर योजना से लाभान्वित कराएं। उन्होंने कहा कि शासन की इस महत्वाकांयोजना का लाभ प्रत्येक पात्र पथ विक्रेता तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। शिविरों के दौरान जोन क्र. 01 में 48, जोन क्र. 02 में 38, जोन क्र. 03 में 55 एवं जोन क्र. 04 में 43 अर्थात कुल 184 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 15 हजार रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक के ऋण तथा क्रेडिट कार्ड संबंधी आवेदन शामिल हैं। 18 जून को भी जोन क्रमांक 01 में निपनिया चौराहा, जोन क्रमांक 02 में सिरमौर चौराहा हॉकर्स कॉर्नर, जोन क्रमांक 03 में शिल्पी कुंज के पास, समान तिराहा में एवं जोन क्र. 04 धोबिया टंकी में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। पात्र पथ विक्रेता अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर पथ विक्रेता पंजीयन एवं पीएम स्वनिधि योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। नगर निगम रीवा ने सभी पात्र पथ विक्रेताओं से अपील की है कि वे शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय के विस्तार एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ें। यह विशेष अभियान 22 जून तक निरंतर संचालित रहेगा।
लोक कल्याण मेला में अब तक आये हितग्राहियों के आवेदन एक नजर में
12 जून 295 हितग्राही
13 जून 191 हितग्राही
14 जून 200 हितग्राही
15 जून 265 हितग्राही
16 जून 226 हितग्राही
17 जून 184 हितग्राही



