रीवा। माध्यमिक शिक्षा मंडल की वर्ष 2027 की दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं में इस बार परीक्षा केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था में बदलाव की तैयारी है। प्रत्येक टेबल पर केवल एक परीक्षार्थी को बैठाने की योजना है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 100 से अधिक करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, केंद्रों की अंतिम संख्या मंडल की स्वीकृति के बाद ही स्पष्ट होगी। जिला शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष रीवा जिले में दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए रीवा व मऊगंज के कुल 94 केंद्रों पर आयोजित की गई थीं। इस बार प्रस्तावित संख्या 100 से अधिक रखी गई है। इस लिहाज से लगभग 10 नए केंद्र बढ़ाए जा सकते हैं। इसका उद्देश्य परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ परीक्षा संचालन को अधिक व्यवस्थित करना है। बता दें कि पिछले वर्ष प्रगति स्कूल गंगेव में एक नकल प्रकरण बना था, इस केन्द्र को अगली बार परीक्षा केन्द्र न बनाए जाने के निर्देश जारी किए गए थे, इसके साथ ही 3 अन्य परीक्षा केन्द्रों में टाट पट्टी पर छात्रों के बैठे होने से जांच करने पहुंचे दल ने केन्द्र न बनाने के निर्देश दिए थे। इस प्रकार चार परीक्षा केन्द्रों को हटा दिया जाएगा।
नकल पर रहेगी नजर
परीक्षा में नकल की आशंका कम करने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एक टेबल पर एक विद्यार्थी को बैठाने की व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। परीक्षा केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था निर्धारित मापदंडों के अनुसार की जाएगी। केंद्रों पर निगरानी और परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखना भी विभाग के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।
भेजी गई केंद्रों की प्रस्तावित सूची
जिला शिक्षा विभाग ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची तैयार कर माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल को भेज दी है। अब मंडल स्तर पर सूची की समीक्षा और स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद ही केंद्रों की अंतिम संख्या और सूची सामने आएगी।
फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं
माध्यमिक शिक्षा मंडल के जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, बारहवीं की मुख्य परीक्षा 17 फरवरी 2027 से 19 मार्च तक और दसवीं की परीक्षा 24 फरवरी से 18 मार्च 2027 तक आयोजित होगी। दोनों परीक्षाओं की तैयारी के बीच परीक्षा केंद्रों का निर्धारण और व्यवस्थाएं दुरुस्त करना जिला शिक्षा विभाग के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। परीक्षा केंद्रों की संख्या बढऩे से विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, प्रस्तावित केंद्रों पर अंतिम मुहर लगने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि रीवा जिले में कितने केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
००००




