रीवा। लोकायुक्त पुलिस रीवा ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग के एक अमीन को 3000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मृत कर्मचारी के परिजनों का पेंशन प्रकरण तैयार करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।
लोकायुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता मोनू नापित (27) निवासी ग्राम चुनरी, पोस्ट सुहागी, तहसील त्योंथर ने 24 जुलाई को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता स्वर्गीय रामसुचित नापित जल संसाधन विभाग में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। 24 मार्च 2026 को सेवा के दौरान उनका निधन हो गया। पिता की मृत्यु के बाद परिवार की पेंशन स्वीकृत कराने के लिए जब वे विभाग पहुंचे तो अमीन रामबरण मिश्रा ने पेंशन प्रकरण तैयार करने के नाम पर रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी पहले ही 5000 रुपये ले चुका था और बाद में 7000 रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था। लोकायुक्त द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें यह सामने आया कि आरोपी शिकायतकर्ता से 4000 रुपये और ले चुका था तथा शेष 3000 रुपये देने के लिए दबाव बना रहा था।
सत्यापन के बाद लोकायुक्त ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। शनिवार को बाणसागर कॉलोनी स्थित जल संसाधन कार्यालय की दूसरी मंजिल की गैलरी में जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 3000 रुपये दिए, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी रामबरण मिश्रा (58), निवासी ग्राम जनकहाई, तहसील जवा, वर्तमान में अमीन, कार्यालय त्योंथर, नहर संभाग सिरमौर में पदस्थ है। उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधन 2018) की धारा-7 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में गठित टीम ने की। ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार और निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया ने किया।
लोकायुक्त संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत लोकायुक्त रीवा के मोबाइल नंबर 98936-07619 पर की जा सकती है। संगठन ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतों पर गोपनीय तरीके से कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।



