रीवा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा से परिचित कराने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर 2026 का त्रैमासिक गतिविधि कैलेंडर जारी किया गया है। विभाग ने सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय और निजी अशासकीय महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालयों को कैलेंडर के अनुसार आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उच्च शिक्षा विभाग के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी डॉ.दिनेश देव द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाना है। इन आयोजनों की जानकारीए छायाचित्र और समाचार पत्रों की कतरन सहित विवरण त्रैमासिक रूप से उच्च शिक्षा आयुक्त कार्यालय की अकादमिक शाखा को भेजना होगा।
एकता दिवस पर सरदार पटेल पर होगी प्रतियोगिता
अक्टूबर माह में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विभिन्न गतिविधियां होंगी। 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता शपथ ग्रहण, एकता के लिए दौड़ तथा भारत के राजनीतिक एकीकरण में सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही सरदार पटेल के जीवन पर आधारित लघु फिल्म अथवा वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया जाएगा। नवंबर में 26 नवंबर को भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें संविधान की प्रस्तावना का वाचन, भारतीय संविधान पर केंद्रित प्रश्नमंच प्रतियोगिता, संविधान की शपथ ग्रहण तथा मौलिक कर्तव्यों के पालन के लिए सामूहिक शपथ शामिल है। इसके अलावा मेरा संविधानए मेरा स्वाभिमान विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता भी कराई जाएगी
गणित दिवस पर भारतीय गणितज्ञों की चर्चा
दिसंबर में 22 दिसंबर को राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान गणित के क्षेत्र में भारतीय गणितज्ञों के योगदान विषय पर निबंध प्रतियोगिता, वैदिक गणित विषय पर विशेषज्ञों के व्याख्यान, श्रीनिवास रामानुजन के जीवन पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन तथा प्राचीन भारतीय गणितज्ञों के छायाचित्र और पुस्तकों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। विभाग ने यह भी निर्देशित किया है कि त्रैमासिक गतिविधियों में भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित विभूतियों, विषय विशेषज्ञों और स्थानीय विद्वानों को विषय विशेषज्ञ के रूप में आमंत्रित किया जाए। वीडियो प्रदर्शन से पहले समिति गठित कर उसकी जांच कराने के बाद ही वीडियो दिखाने के निर्देश दिए गए हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपराए राष्ट्रीय एकता, संविधान और गणित के क्षेत्र में भारत के योगदान से परिचित कराना है। उच्च शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित संस्थानों को निर्धारित कैलेंडर के अनुसार गतिविधियां आयोजित कर उनकी जानकारी विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
०००००००




