₹45,000 sanctioned for organizing a career opportunity fair at GDC.
रीवा। उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना के तहत शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय रीवा में वर्ष 2026-27 के द्वितीय त्रैमास में करियर अवसर मेले के आयोजन के लिए 45 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस संबंध में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना भोपाल द्वारा आदेश जारी कर महाविद्यालय को राशि आवंटित कर दी गई है। जारी आदेश के अनुसार योजना क्रमांक 6915 के अंतर्गत विद्यार्थियों को रोजगार, उच्च शिक्षा और विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक दिवसीय करियर अवसर मेले का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए रीवा संभाग में शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय रीवा को 45 हजार रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत राशि का उपयोग निर्धारित मद में ही किया जाएगा। किसी भी प्रकार के अनियमित व्यय अथवा भुगतान की जिम्मेदारी संबंधित प्राचार्य की होगी। साथ ही व्यय करते समय शासन एवं वित्त विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों तथा प्रचलित वित्तीय नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। आदेश में यह भी कहा गया है कि आवंटित राशि से अधिक व्यय नहीं किया जाएगा तथा कार्यक्रम से संबंधित सभी अभिलेखों एवं दस्तावेजों का संधारण नियमानुसार किया जाएगा।
निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यक्रम आयोजित कर राशि के आहरण एवं भुगतान की कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं। करियर अवसर मेले के आयोजन से महाविद्यालय की छात्राओं को विभिन्न रोजगार संभावनाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा उच्च शिक्षा के अवसरों की विस्तृत जानकारी मिलेगी। विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके करियर के प्रति जागरूक बनाते हुए रोजगारोन्मुखी मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। बता दें कि जब से कॉलेज की कमान मेजर डॉ.विभा श्रीवास्तव ने संभाली है, व्यवस्थाओं में बड़ा परिवर्तन हुआ है, कक्षाओं का नियमित संचालन, कॉलेज परिसर में सफाई व्यवस्था, परीक्षाओं का आयोजन सहित कॉलेज में सुविधाओं का विस्तार हुआ है।
०००००००००




