रीवा। जिले में दुष्कर्म के मामलों में लगातार बढोत्तरी हो रही है। जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र में एक लिपिक ने 17 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। रीवा शहर की महिला थाना पुलिस ने एक लिपिक के खिलाफ पास्को सहित दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया है। सूत्रों की मानें तो सेमरिया थाना क्षेत्र के निजी स्कूल के काउंटर में बैठकर एक साल पहले तक बच्चों की फीस जमा करने वाला आरोपी जान पहचान की नाबालिग छात्रा से दोस्ती की। फिर शादी का वादा कर सात जन्मों तक साथ निभाने के सपने दिखाए। जैसे ही लड़की के प्रेम जाल में फंस गई। वैसे ही कुछ महीनों बाद आरोपी ने झांसा देकर छात्रा को मिलने के लिए बुलाया। फिर आरोपी ने कई बार छात्रा से संबंध बनाए। जब आरोपी का मंसूबा पूरा हो गया तो धीरे-धीरे छात्रा से दूरी बनाने लगा। पीड़िता ने शादी के वादे याद दिलाए तो मुकर गया। जिसके बाद छात्रा परिजनों के साथ महिला थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई।महिला थाना प्रभारी निशा मिश्रा ने बताया कि बीते साल पदस्थ लिपिक शैलेन्द्र सिंह ने 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म किया था। जिसके खिलाफ दो दिन पहले पीड़िता शिकायत करने थाने आई थी। महिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुए बयान के बाद मेडिकल चेकअप कराया गया। रेप की पुष्टि होने पर पास्को सहित दुष्कर्म की धाराओं का प्रकरण दर्ज कर केस डायरी सेमरिया थाने भेज दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की बात पुलिस कर रही है।




