गोविंदगढ़ (विशेष संवाददाता)।
क्षेत्र में सक्रिय शातिर चोर गिरोह ने पुलिस और विद्युत विभाग की नाक में दम कर रखा है। कुछ ही दिनों पहले ग्राम अमिलकी बैंक टोला में हुई वारदात के बाद, चोरों ने एक बार फिर बड़ी दुस्साहसपूर्ण घटना को अंजाम दिया है। गोविंदगढ़ सब-स्टेशन के अंतर्गत आने वाले चौरा टोला में बीती 7 तारीख की रात अज्ञात चोरों ने बिजली के ट्रांसफार्मर को निशाना बनाते हुए उसका सारा तेल चुरा लिया। इस वारदात के बाद से पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया है और ग्रामीणों को भारी बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है।
अमिलकी के बाद चौरा टोला में वारदात, चोरों के हौसले बुलंद
गौरतलब है कि अभी हाल ही में अमिलकी बैंक टोला में ठीक इसी अंदाज में ट्रांसफार्मर से तेल चोरी की गई थी। उस घटना के तुरंत बाद अब 7 तारीख की रात चोरों ने चौरा टोला में दूसरी वारदात को अंजाम दे डाला। एक ही तर्ज पर लगातार हो रही इन चोरियों से साफ है कि क्षेत्र में कोई संगठित चोर गिरोह सक्रिय है, जिसे न तो पुलिस का खौफ है और न ही कानून का डर।
उमस और अंधेरे से त्रस्त हुए ग्रामीण
चौरा टोला में ट्रांसफार्मर का तेल चोरी होने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। भीषण उमस और गर्मी के इस मौसम में अचानक बिजली संकट खड़ा होने से ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। पीने के पानी की समस्या खड़ी हो गई है और लोगों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों में पुलिस गश्त को लेकर भारी आक्रोश है।
नए थाना प्रभारी के सामने बड़ी चुनौती
गोविंदगढ़ थाने में हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल और नए थाना प्रभारी विजय सिंह के पदभार संभालते ही चोरों द्वारा दी गई यह चुनौती पुलिस प्रशासन के लिए सिरदर्द बन गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही नया तेल डालकर या ट्रांसफार्मर दुरुस्त कर चौरा टोला की बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जाएगी।




