देवेंद्र नगर से चुरहट तक छह दिन चलेगी सेवा, सतना-रीवा सहित 19 स्टेशनों पर होगा ठहराव
रीवा। विंध्य क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। देवेंद्र नगर से चुरहट के बीच नई मेमू ट्रेन चलाने को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड की ओर से 19 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में ट्रेन सेवा शुरू करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन देवेंद्र नगर से सुबह 7 बजे रवाना होकर दोपहर 1:15 बजे चुरहट पहुंचेगी। वापसी में चुरहट से शाम 3 बजे चलकर रात 9:25 बजे देवेंद्र नगर पहुंचेगी।
रेलवे बोर्ड ने पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल को इस सेवा को जल्द से जल्द शुरू करने की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि आवश्यकता पड़ने पर शुरुआती सेवा को विशेष ट्रेन के रूप में भी चलाया जा सकता है, जिसे बाद में नियमित सेवा से जोड़ा जा सकेगा।
सतना और रीवा समेत कई स्टेशनों को मिलेगा लाभ
प्रस्तावित मेमू ट्रेन का ठहराव फूलवारी, नागौद, बरेठिया, करही, सतना, कैमा, सकरिया, हिनौतारामबन, बघाई रोड, तुर्की रोड, रीवा, सिलपरा, गोविंदगढ़, बघवार और रामपुर नैकिन सहित विभिन्न स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इससे सतना, रीवा और सीधी जिले के बीच रेल संपर्क को सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासकर छोटे स्टेशनों से यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों को इस सेवा का लाभ मिल सकता है।
सप्ताह में छह दिन चलेगी ट्रेन
रेलवे बोर्ड के पत्र के अनुसार, प्रस्तावित मेमू सेवा सप्ताह में छह दिन चलेगी। रविवार को इसका संचालन नहीं होगा। ट्रेन में आठ मेमू कोच का एक रैक लगाने का उल्लेख है। प्राथमिक रखरखाव बीना में किए जाने का प्रस्ताव है।
सुबह रीवा, दोपहर चुरहट पहुंचेगी ट्रेन
समय-सारिणी के मुताबिक ट्रेन सुबह 10:40 बजे रीवा पहुंचेगी और 10:50 बजे यहां से रवाना होगी। वापसी में यह ट्रेन शाम 5:30 बजे रीवा पहुंचेगी और 5:20 बजे प्रस्थान करेगी।
रेलवे बोर्ड ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सेवा शुरू करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। हालांकि, पत्र में सेवा को सुविधाजनक तिथि से प्रभावी करने की बात कही गई है, इसलिए नियमित परिचालन की अंतिम तिथि की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।




