रीवा। खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर कारोबार करना ब्रजवासी स्वीट्स को भारी पड़ गया। सिरमौर चौराहा स्थित प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस पहले ही निलंबित किया जा चुका था, इसके बावजूद दुकान का संचालन जारी मिला। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण कर प्रतिष्ठान को अग्रिम आदेश तक सील कर दिया।
बताया गया कि रक्षाबंधन से पहले कलेक्टर के निर्देश पर गठित खाद्य सुरक्षा टीम ने ब्रजवासी स्वीट्स का निरीक्षण किया था। इस दौरान मिष्ठान के संग्रहण और विक्रय में स्वच्छता संबंधी गंभीर कमियां सामने आई थीं। वहीं, एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री के विक्रय का मामला भी जांच में सामने आया था। इन अनियमितताओं के आधार पर विभाग ने प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया था।
निलंबन के बाद भी जारी रखा कारोबार
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जब दोबारा निरीक्षण के लिए पहुंची तो लाइसेंस निलंबित होने के बावजूद प्रतिष्ठान संचालित पाया गया। टीम ने पूर्व की कार्रवाई और जुर्माने की जानकारी ली तो यह भी सामने आया कि संचालक ने लगाया गया जुर्माना अब तक जमा नहीं किया था। विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और दुकान को सील कर दिया।
दूध की मौके पर होगी जांच
इधर, त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाजार में बिकने वाले दूध की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। विभाग की टीम मौके पर ही किट के माध्यम से दूध की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बाजार में बिक्री किया जा रहा दूध निर्धारित खाद्य मानकों के अनुरूप है या नहीं।
अधिकारियों के अनुसार दूध की जांच के लिए इस्तेमाल की जा रही किट नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (एनडीडीबी), करनाल से प्राप्त की गई है। इसके जरिए मौके पर प्राथमिक जांच की जा रही है।
मिष्ठान और खाद्य सामग्री पर भी नजर
त्योहारी सीजन में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिष्ठान, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों की निगरानी बढ़ा दी है। खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान मिलावट, एक्सपायरी सामग्री का विक्रय या खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




