REWA NEWS: 646 handpumps in the district are simply awaiting repair, while 767 are non-functional
रीवा। बारिश का मौसम शुरू होने के बावजूद रीवा जिले के ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट पूरी तरह खत्म नहीं हो सका है। सरकारी आंकड़े बताते हैं कि जिले में स्थापित 21423 हैंडपंपों में से 767 हैंडपंप बंद पड़े हैं। इनमें सबसे चिंताजनक बात यह है कि 646 हैंडपंप केवल मरम्मत के अभाव में बंद हैं, जिन्हें समय रहते ठीक कर ग्रामीणों को राहत दी जा सकती है। वहीं 121 हैंडपंप जलस्तर नीचे चले जाने के कारण बंद हो गए हैं। इससे कई गांवों में लोगों को पानी के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। बीते दिनों दी गई विभागीय रिपोर्ट के अनुसार जिले में वर्तमान में 20656 हैंडपंप चालू हैं, जबकि करीब चार प्रतिशत हैंडपंप उपयोग से बाहर हैं। पेयजल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभा रहे इन हैंडपंपों के बंद रहने से ग्रामीणों की निर्भरता दूसरे स्रोतों पर बढ़ गई है। कई स्थानों पर महिलाएं और बच्चे दूर-दराज के हैंडपंपों से पानी लाने को मजबूर हैं। सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि जिले में बंद पड़े हैंडपंपों में 84 प्रतिशत से अधिक केवल तकनीकी खराबी के कारण बंद हैं। यदि विभाग समयबद्ध अभियान चलाकर इनकी मरम्मत कराए तो 646 हैंडपंप दोबारा चालू हो सकते हैं। इससे हजारों ग्रामीण परिवारों को तत्काल राहत मिल सकती है। दूसरी ओर जलस्तर गिरने से बंद 121 हैंडपंपों के लिए रिबोरिंग अथवा वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था करना आवश्यक होगा।
्रऐसे हैं हालात
सबसे अधिक खराब स्थिति रायपुर कर्चुलियान विकासखंड की है। यहां स्थापित 3419 हैंडपंपों में से 201 बंद हैं। इनमें 187 हैंडपंप मरम्मत योग्य हैं, जबकि 14 हैंडपंपों में जलस्तर नीचे चला गया है। इसके बाद गंगेव का स्थान है, जहां 3561 में से 158 हैंडपंप बंद हैं। इनमें 126 मरम्मत योग्य और 32 जलस्तर गिरने से प्रभावित हैं। सिरमौर विकासखंड में 4157 हैंडपंपों में से 125 बंद हैं। यहां 107 हैंडपंपों की मरम्मत कर उन्हें चालू किया जा सकता है, जबकि 18 हैंडपंप जलस्तर कम होने से प्रभावित हैं। जवा में 3192 में से 114, त्योंथर में 3334 में से 99 तथा रीवा विकासखंड में 3760 में से 70 हैंडपंप बंद दर्ज किए गए हैं।
हैंडपंप पर ही निर्भर
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था का सबसे बड़ा आधार आज भी हैंडपंप हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में हैंडपंपों का बंद रहना विभाग की रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। बारिश के दौरान भी यदि हैंडपंप चालू नहीं हो पा रहे हैं तो गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक नल से जल पहुंचाने की योजनाएं संचालित हैं, लेकिन जिले के अनेक गांवों में आज भी हैंडपंप ही पेयजल का प्रमुख साधन बने हुए हैं। ऐसे में मरम्मत योग्य हैंडपंपों को प्राथमिकता के आधार पर चालू कराना और जलस्तर प्रभावित क्षेत्रों में दीर्घकालिक समाधान तैयार करना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है।
———-
विकासखंडवार स्थिति
विकासखंड स्थापित चालू बंद
रीवा 3760 3690 70
गंगेव 3561 3403 158
सिरमौर 4157 4032 125
जवा 3192 3078 114
रायपुर कर्चु.3419 3218 201
त्योंथर 3334 3235 99
कुल 21423 20656 767
०००००००००




