NEET 2026: 566 students missed out—they didn’t even reach the exam center.
रीवा। मेडिकल कॉलेज में प्रवेश हेतु री-नीट 2026 (नेशनल एलिजबिलिटी कम इंट्रेस टेस्ट) की परीक्षा रविवार को हुई। इस परीक्षा हेतु जिले में 13 केंद्र बनाये गए। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित परीक्षा में जिले के केंद्रों में 5399 छात्रों को बैठना था, जिसमें से 4833 छात्रों ने ही परीक्षा दी। शेष 566 छात्र अनुपस्थित रहे। इस परीक्षा का आयोजन पेन-पेपर यानि ऑफलाइन मोड पर कराया गया। तीन घंटे की यह परीक्षा एक पाली मेंं दोपहर 2 से 5.15 बजे तक हुई। सभी परीक्षा केंद्रों में छात्रों को तीन घंटे पहले ही बुला लिया गया। जहां छात्रों की स्क्रीनिंग सहित अन्य परीक्षण के उपरांत केंद्रों में प्रवेश दिया गया। कई केंद्रों में सुबह 11 बजे से ही छात्रों व उनके परिजनों की भीड़ देखी गई, जिसके चलते केंद्रों के बाहर यातायात व्यवस्था गड़बड़ा गई।

यही हाल परीक्षा समाप्त होने के बाद भी केंद्रों के बाहर देखने को मिला, छात्रों की भीड़ छटने के बाद यातायात सामान्य हुआ। बहरहाल, एनटीए द्वारा आयोजित इस परीक्षा के लिए प्रत्येक केंद्र में दो-दो आब्जर्वर तैनात किए गए थे। साथ ही बाहर से आये एनटीए द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों ने भी केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला प्रशासन की टीम भी निरीक्षण एवं व्यवस्था में सक्रिय रही। अब इस परीक्षा का परिणाम माह के अंत तक एनटीए द्वारा घोषित किया जा सकता है। इसके बाद मेडिकल कॉलेज की सीट्स में दाखिले शुरू होंगे।
पेपर लीक से नारागजी
बता दें कि इसके पहले नीट-2026 परीक्षा का आयोजन 3 मई को किया गया था, तब जिले में 12 केन्द्र ही परीक्षा के लिए बनाए गए थे। जिसमें 5 हजार से अघिक छात्रों ने परीक्षा दी थी और अनुपस्थित छात्रों की संख्या 158 के करीब थी लेकिन इस बार 566 छात्रों ने परीक्षा से दूरी बनाई। केन्द्रों में पहुंचे छात्र भी हताश दिखे और उनमें पहली परीक्षा जैसा उत्साह नहीं दिखा, उनके मन में एक सवाल रहा कि क्या यह परीक्षा सफल होगी या फिर उनकी मेहनत फिर से जाया जाएगी। छात्र सरकार को कोसते दिखे।
०००००००००००००




