NAGAR NIGAM REWA: The problem is being resolved at the place where the complaint was made.
रीवा। आमजनता की समस्याओं के निराकरण के लिए निगमायुक्त अक्षत जैन द्वारा प्रारंभ किये गये नवाचार को खूब पसंद किया जा रहा है। जहां से शिकायत प्राप्त होती है नगर निगम के अधिकारी वहीं पर जाकर शिकायतकर्ता के समक्ष समस्या का निराकरण करते हैं। निगमायुक्त के निर्देश पर नगर निगम रीवा द्वारा प्रत्येक मंगलवार को मैदानी स्तर पर पहुंचकर जनता की समस्याओं के मौके पर निराकरण की विशेष कार्यवाही लगातार जारी है।
इस मंगलवार भी नगर निगम के सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचे तथा जनसुनवाई, टी.एल. पत्रों एवं विभिन्न माध्यमों से प्राप्त आवेदनों का स्थलीय निरीक्षण कर निराकरण की कार्यवाही की गई। जनता के समस्याओं के निराकरण के लिए फील्ड का समस्त अमला पूरे दिन वार्डों एवं मोहल्लों में सक्रिय रहा। अधिकारियों द्वारा नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को मौके पर समझा गया तथा संबंधित प्रकरणों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की गई। इस दौरान संबल योजना, जल निकासी, हैंडपंप मरम्मत, भवन अनुज्ञा, स्ट्रीट लाइट आदि संबंधित मामलों का निरीक्षण किया गया।
जोन क्रमांक 03 में 3 टीएल एवं 3 जनसुनवाई प्रकरणों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। जोन क्रमांक 04 में 3 जनसुनवाई एवं 1 टीएल प्रकरण का निरीक्षण कर संबंधित शिकायतों पर कार्यवाही सुनिश्चित की गई। जोन क्रमांक 02 में 2 जनसुनवाई एवं 1 टीएल प्रकरण तथा जोन क्रमांक 01 में 4 जनसुनवाई प्रकरणों का मौका निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नाली निर्माण एवं अतिक्रमण संबंधी शिकायतों पर आवश्यक कार्यवाही की गई। मैदानी कार्यवाही के दौरान जलप्रदाय शाखा द्वारा प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए 4 नए नल कनेक्शन प्रदान किए गए। निर्माण शाखा द्वारा 17 आवेदनों पर मौका निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की गई तथा समय सीमा के 45 भवन अनुज्ञा प्रकरणों का निराकरण कराया गया।
राजस्व टीम द्वारा संबल योजना के लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाते हुए फील्ड में पहुंचकर दस्तावेजों की जांच-पुष्टि करते हुए एक दिवस में 219 संबल प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया गया। गौरतलब है कि एक सप्ताह पूर्व निगम स्तर में 3996 प्रकरण लंबित थे, जो अभियान के बाद वर्तमान में 846 प्रकरण शेष हैं।




